हमीरपुर में 24 घंटे के दौरान 23.12 करोड़ रुपये का नुक्सा’न

इस मॉनसून सीजन में क्षति का कुल आंकड़ा 52.34 करोड़ रुपये से अधिक

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर )20 अगस्त। जिला हमीरपुर के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार रात और बुधवार को हुई भारी बारिश से काफी ज्यादा नुक्सान हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में वीरवार दोपहर तक प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार गत 24 घंटों के दौरान जिले भर से 23.12 करोड़ रुपये से अधिक के नुक्सान का अनुमान है। इस दौरान एक कच्चा मकान ध्वस्त हुआ है और 5 कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक पंचायतघर, 2 किचन शैड, 2 गौशालाएं और 4 डंगे भी ध्वस्त हुए हैं। जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं को 11.78 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग को 11.20 करोड़ रुपये की क्षति हुई है।
इसी के साथ इस मॉनसून सीजन में 30 जून के बाद जिला हमीरपुर में सरकारी और निजी संपत्ति के नुक्सान का आंकड़ा 52.34 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इस सीजन में अभी तक लोक निर्माण विभाग को सर्वाधिक 35.33 करोड़ रुपये का नुक्सान हुआ है। जबकि, जल शक्ति विभाग को 16.32 करोड़ रुपये, बिजली बोर्ड को 42.25 लाख और शिक्षा विभाग को 1.30 लाख रुपये की क्षति हुई है। एक पंचायत घर के गिरने से लगभग 3.50 लाख रुपये के नुक्सान का अनुमान है। 2 किचन शैड गिरने से लगभग 65 हजार रुपये की क्षति हुई है।
इस सीजन में 4 कच्चे मकान ध्वस्त होने से लगभग 8.50 लाख रुपये के नुक्सान का अनुमान है। इसी दौरान 14 अन्य कच्चे मकानों और 3 पक्के मकानों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है, जिससे लगभग 5.52 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। 4 डंगे गिरे हैं, जिनमें लगभग 2.40 लाख रुपये की क्षति हुई है। 15 गौशालाओं के ध्वस्त होने से लगभग 3.10 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि राजस्व विभाग सहित सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावितों की तुरंत मदद की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: