11वीं एवं 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को करियर चयन, विभागीय योजनाओं तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )10 सितंबर। जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के माध्यम से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरमाणा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश में करियर काउंसलिंग सत्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने 11वीं तथा 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, आवश्यक योग्यता तथा संबंधित क्षेत्रों में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्रदान की।
जिला रोजगार अधिकारी राजेश मैहता ने बताया कि श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग द्वारा विद्यार्थियों को उनके रुचि एवं क्षमता के अनुरूप उपयुक्त करियर विकल्प चुनने में मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न करियर अवसरों के साथ-साथ सरकारी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाती है।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को नशे एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर अनुसंधान अधिकारी, जिला सांख्यिकी कार्यालय ललित शर्मा, जिला लोक संपर्क अधिकारी राजेश जसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस दौरान संबंधित विद्यालयों के अध्यापक तथा जिला रोजगार कार्यालय से नरेश कुमार, दिव्यांशु भी उपस्थित रहे।


