12 सितंबर को कुल्लू, मनाली व बंजार में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कुल्लू ) 10 सितंबर । हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के तत्वावधान में 12 सितंबर, 2026 को जिला न्यायालय कुल्लू सहित मनाली और बंजार न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में दुर्घटना क्लेम, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी के बिल, जमीनी विवाद, बैंक से संबंधित विवाद, वैवाहिक विवाद तथा विशेष रूप से कम राशि के चेक से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मोटर व्हीकल लोक अदालत का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मोटर व्हीकल चालानों का भी निपटारा किया जाएगा। जिन व्यक्तियों के उपरोक्त श्रेणी के मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे अपने मामलों को लोक अदालत में लगवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से किया जाता है। इसमें किसी पक्ष की हार या जीत नहीं होती, बल्कि आपसी समझौते के आधार पर विवाद का समाधान किया जाता है। उन्होंने आमजन से लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।


