दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में मनाया गया हिंदी दिवस

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट )14 सितंबर। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करना तथा उन्हें हिंदी की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा से हुआ, जिसका संचालन एवं प्रस्तुतियां हिंदी भाषा में की गईं। इसके पश्चात हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के तुलनात्मक विश्लेषण पर आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने दोनों भाषाओं की विशेषताओं, उपयोगिता एवं वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कक्षा आठ के विद्यार्थियों ने कबीर के दोहों का सुंदर प्रस्तुतीकरण किया। वहीं कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व पर अपने अपने विचार रखे।
इसके बाद कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर आधारित एक लघु नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, अपनी भाषाई विरासत से जुड़ाव तथा मातृभाषा के संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व स्तर पर हिंदी भाषा के प्रति लोगों का रुझान निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज के वैश्विक युग में विद्यार्थियों के लिए अन्य भाषाओं का ज्ञान प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन इसके साथ-साथ हमें अपनी मातृभाषा का सम्मान और संरक्षण भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
प्रधानाचार्या ने हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, समिति सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं।


