सोलन के 130 कामगारों को मिली 39,94,740 रुपए की सहायता
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 15 सितंबर। श्रम कल्याण अधिकारी सोलन ललित शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा वर्तमान में 14 कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उक्त योजनाओं में पात्र भवन एवं अन्य निर्माण कामगार जिनकी आयु 18 से 60 वर्ष है और उस कामगार ने गत 12 माह में किसी भी निर्माण स्थल पर 90 दिन निर्माण कार्य किया है, वह अपना पंजीकरण कामगार कल्याण बोर्ड सोलन में करवा सकता है तथा इन योजनाओं का लाभ ले सकता है।
उन्होंने कहा कि गत 15 अगस्त, 2026 को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदेश में बोर्ड के साथ पंजीकृत 4967 कामगारों को 20.61 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की गई थी। इनमें से सोलन ज़िला के 130 लाभार्थियों को 39 लाख 94 हजार 740 रुपए की वित्तीय सहायता विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रदान की गई।
ललित शर्मा ने कहा कि सोलन ज़िला के 86 पात्र लाभार्थियों को शिक्षण छात्रवृत्ति सहायता योजना के तहत 21 लाख 53 हजार 800 रुपए, 29 पात्र लाभार्थियों को विवाह सहायता योजना के तहत 15 लाख 14 हजार रुपए, 01 लाभार्थी को चिकित्सा सहायता 2 हजार 290 रुपए, 01 मानसिक रूप से दिव्यांग लाभार्थी की देखभाल के लिए 20 हजार रुपए, 10 पात्र लाभार्थियों को मातृत्व व पितृत्व प्रसुविधा सहायता के रूप में 03 लाख 1500 रुपए तथा 03 पात्र लाभार्थियों को वृद्धा पेंशन सहायता के रूप में 3 हजार 150 रुपए प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने सभी पात्र कामगारों से आग्रह किया कि वह योजनाओं का लाभ उठाने के लिए कामगार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित बनाएं।


