खेलों को बढ़ावा दे रही सुक्खू सरकार, सुविधाओं के विस्तार पर जोर : विवेक शर्मा

खेलों को बढ़ावा दे रही सुक्खू सरकार, सुविधाओं के विस्तार पर जोर : विवेक शर्मा

धमांदरी में अंडर-14 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, कबड्डी के नए मैट के लिए 2 लाख देने की घोषणा

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बंगाणा /ऊना)21 सितंबर। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सुक्खू सरकार लगातार प्रयास कर रही है तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह बात कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धमांदरी में अंडर-14 छात्राओं की तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल में कबड्डी के लिए नए मैट उपलब्ध करवाने हेतु 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
23 सितंबर तक चलने वाली इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के पांच ब्लॉकों से 421 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी, जूडो, खो-खो, हैंडबॉल, कुश्ती, हॉकी, टेबल टेनिस और बास्केटबॉल के मुकाबले होंगे।
विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और खेल सुविधाओं के विकास पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है तथा वे चुनौतियों का सामना करना सीखते हैं।
विधायक ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं से पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने तथा जीत-हार से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।

उन्होंने छात्राओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को संवारें। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा अन्य प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। अभिभावकों का प्रोत्साहन बच्चों का मनोबल बढ़ाता है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर पर विधायक ने प्रतियोगिता में भाग ले रही खिलाड़ियों को रिफ्रेशमेंट के लिए 5,100 रुपये देने की घोषणा भी की।

इस मौके पर कांग्रेस महामंत्री रमेश बंगा, जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, बीडीसी सदस्य बलविंदर सिंह, प्रधान सुदेश कुमारी, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमान, प्रधानाचार्य नवीन कुमार, एसएमसी प्रधान मनोज कुमार, समाजसेवी राजेंद्र कौशल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: