राज्यसभा सांसद ने पंजाला में 100 किसानों को वितरित किए ग्रास कटर एवं कृषि उपकरण

प्रदेश के विकास सहित बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे हरसंभव प्रयास: अनुराग शर्मा

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (बैजनाथ ) 01 अक्तूबर ।
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत ग्राम पंचायत पंजाला में किसानों को कृषि उपकरण वितरित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा 100 किसानों को ग्रास कटर एवं अन्य कृषि उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं और लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम कार्यान्वित किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे कृषि कार्यों में सुविधा मिलने के साथ किसानों की कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके।
वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों को उपलब्ध करवाए जा रहे कृषि उपकरणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध होने से कृषि एवं संबंधित कार्यों में समय और श्रम की बचत होगी तथा उनकी सुविधा में वृद्धि होगी।
राज्यसभा सांसद ने ग्राम पंचायत पंजाला में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गांव में रास्ते के निर्माण, पुलिया के निर्माण तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान के विकास हेतु 2- 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लोगों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य वर्षा पर निर्भर क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं को बढ़ावा देने के साथ किसानों की कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है। योजना के तहत जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के साथ किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ विवेक गुलेरिया, बी डी सी सदस्य राजकुमार, प्रधान सुदर्शना देवी, उपप्रधान अमित कश्यप, प्रदेश अनुसूचित जाति के पूर्व उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, संगठन महासचिव मोहिंद्र डोहरी, प्रदेश युवा महासचिव रविंदर राव, अजय अवस्थी, शलभ अवस्थी, कृष्ण राणा, सन्नी कपूर, पृथी करोटी, राजेश राणा संसार चंद राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: