कंडाघाट विकास खंड में नव-निर्वाचित वार्ड सदस्यों के तृतीय एवं अंतिम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कंडाघाट ) 12 अक्टूबर ।
विकास खंड कंडाघाट में नव-निर्वाचित वार्ड सदस्यों के तृतीय एवं अंतिम बैच हेतु चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज पंचायत समिति सभागार, कंडाघाट में आरंभ हुआ। तृतीय बैच के अंतर्गत ग्राम पंचायतों—जधाना, कनैर, काहला, ममलीग, सतरोल, बशील, घाट कुम्हाला, सायरी एवं वाकना—के कुल 50 वार्ड सदस्यों को प्रशिक्षण हेतु आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 49 वार्ड सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के आरंभ में ओपी शर्मा खंड विकास अधिकारी, कंडाघाट द्वारा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रशिक्षण के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सत्रों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रतिभागियों को 73वें संविधान संशोधन, ग्राम सभा, पंचायती राज संस्थाओं की कार्यप्रणाली, e-Application, VBGRAM-G तथा स्वच्छ भारत मिशन (SBM) सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि वार्ड सदस्य जमीनी स्तर पर पात्र व्यक्तियों तक इनका लाभ पहुंचा सकें। इस दौरान वार्ड सदस्यों की भूमिका एवं दायित्वों तथा विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय सहभागिता पर विशेष बल दिया गया।
तृतीय एवं अंतिम बैच का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 अक्टूबर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक पंचायत समिति सभागार, कंडाघाट में आयोजित किया जा रहा है।


