उपायुक्त ने राजकीय माध्यमिक पाठशाला मंडी मानवा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियारा का किया औचक निरीक्षण

विद्यार्थियों से किया संवाद, जीवन में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने को किया प्रेरित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (बिलासपुर ) 15 अक्तूबर। उपायुक्त राहुल कुमार ने आज राजकीय माध्यमिक पाठशाला मंडी मानवा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तो वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियारा में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।

विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें दी जा रही शिक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य में निर्धारित किए गए जीवन लक्ष्यों के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें तथा कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ें।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी निरंतर बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दिये जा रहे मध्याह्न भोजन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

इसके उपरांत उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियारा का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में प्रदान की जा रही सेवाओं का भी बारीकी से जायजा लेते हुए संस्थान में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: