बाड़ी-फरनोल क्षेत्र की भी सभी समस्याओं का किया जा रहा है त्वरित समाधान
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने बाड़ी स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (हमीरपुर )28 नवंबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को राजकीय उच्च पाठशाला बाड़ी के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण आर्थिकी के सुदृढ़ीकरण के लिए कई सराहनीय निर्णय लिए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर के लिए मुख्यमंत्री ने बजट में किसी भी तरह की कमी नहीं रखी है। अपने गृह जिला के लिए उन्होंने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, केंसर केयर संस्थान, उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, प्रदेश का पहला डेडिकेटड साइंस कॉलेज, प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं मंजूर की हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि वह ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रख रहे हैं। किसी भी विकास कार्य और जरुरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए वह तुरंत धनराशि का प्रावधान कर देते हैं। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने बताया कि कुछ माह पहले उन्होंने बाड़ी-फरनोल क्षेत्र का दौरा किया था और उस दौरान स्थानीय लोगों ने कई छोटी-छोटी समस्याएं उनके समक्ष रखीं थीं। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए इस क्षेत्र के संपर्क सड़कों, रास्तों और डंगों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के लिए धनराशि का तुरंत प्रावधान कर दिया गया था। इनमें से कई कार्य पूरे भी कर लिए गए हैं। भविष्य में भी क्षेत्र की हर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं रखी जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।
इससे पहले, मुख्यध्यापक डॉ. अंजलि शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और विद्यार्थियों के अभिभावकों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, पंचायत प्रधान कमल चंद जमवाल, एसएमसी के अध्यक्ष प्यार चंद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।