6.5 लाख की लागत से दुग्ध जांच प्रयोगशाला का किया लोकार्पण
12 दुग्ध उत्पादकों को स्मार्ट मिल्क वेटिंग किट की प्रदान
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सोलन ) 16 अक्तूबर।अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्प है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र में पशु अस्पताल कुनिहार में 6.5 लाख की लागत से स्थापित दुग्ध जांच प्रयोगशाला का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर ज़िला के 12 दुग्ध उत्पादकों को स्मार्ट मिल्क वेटिंग किट प्रदान की।
संजय अवस्थी ने कहा कि दुग्ध जांच प्रयोगशाला से ज़िला के दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा तथा दूध की गुणवत्ता की जांच करने में सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पशुपालकों को अपने दुग्ध व्यवसाय को बेहतर बनाने और गुणवत्ता के प्रति जागरूक होने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है तथा पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 51 रुपए से बढ़ाकर 61 रुपए तथा भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य 61 रुपए से बढ़ाकर 71 रुपए किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में इतनी वृद्धि करने वाला पहला राज्य है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास से ही हिमाचल प्रदेश का विकसित होगा। इसी कड़ी में सरकार ने किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में आशातीत वृद्धि की गई है। इससे जहां किसानों का आय में बढ़ौतरी होगी वहीं उन्हें उनकी फसल का सही दाम भी मिलेगा।
विधायक ने सामुदायिक भवन नगर (घुमारड़ा) में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जन समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निपटारे के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान तथा जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सुलभ मंच उपलब्ध करवाना तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
विधायक ने नगर गांव में पेवर ब्लॉक लगाने के लिए 05 लाख रुपए, शिवा महिला मण्डल भवन निर्माण के लिए 02 लाख रुपए, एम्बुलेंस सम्पर्क मार्ग झांडी का कार्य आरम्भ करने के लिए 02 लाख रुपए, 10 सोलर लाईटे तथा 04 बेंच देने की घोषणा की।
इस अवसर पर पंचायत कुनिहार के उप-प्रधान अभिमन्यु कंवर, ग्राम पंचायत कुनिहार के पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर, उप निदेशक पशुपालन डॉ. विवेक लम्बा, राज्य विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, उपमण्डलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय जन प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।


