पैराग्लाइडिंग एवं रिवर राफ्टिंग गतिविधियों में सुर’क्षा मानकों की हो सख्त अनुपालना

साहसिक गतिविधियों में संलग्न पायलटों एवं ऑपरेटरों के लिए नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कुल्लू ) 26 नवंबर।जिला कुल्लू में पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग और अन्य साहसिक पर्यटन गतिविधियों को सुरक्षित, पारदर्शी तथा सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज उपायुक्त कुल्लू की अध्यक्षता में जिला पर्यटन नियामक समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला में संचालित साहसिक गतिविधियों, विशेषकर पैराग्लाइडिंग तथा रिवर राफ्टिंग की समीक्षा के लिए नियामक समिति की बैठक वीरवार को उपायुक्त एवं अध्यक्ष, नियामक समिति रिवर राफ्टिंग डॉ अमित शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अवसर पर अबवीमास मनाली के अधिकारी, विभिन्न राफ्टिंग संगठनों के पदाधिकारी तथा गैर-आधिकारिक सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने किया। बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और पर्यटन संचालकों को एक दीर्घकालीन योजना व सतत कार्यप्रणाली के तहत निर्धारित नियमों और लाइसेंस शर्तों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग साइट्स पर ‘सिंगल काउंटर’ प्रणाली की अनिवार्य रूप से अनुपालना की जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी टेक-ऑफ और लैंडिंग साइट्स पर पर्यटकों के लिए शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत जन-सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं तथा इन स्थलों पर सुरक्षा से जुड़े ‘क्या करें और क्या न करें’ के स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएं। सुरक्षा मानकों को और पुख्ता करते हुए उन्होंने कहा कि उड़ान से पूर्व भरवाए जाने वाले कंसेंट फॉर्म में भी ‘क्या करें और क्या न करें’ के दिशा-निर्देश अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएं। उपायुक्त ने दोहराया कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके साथ ही, पर्यटकों की जान-माल की सुरक्षा के मद्देनजर सभी पायलटों का अनिवार्य रूप से ड्रग टेस्ट (नशा परीक्षण) करवाने के भी आदेश जारी किए गए। रिवर राफ्टिंग और अन्य
साहसिक स्थलों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नदी तटों और पर्यटन क्षेत्रों में हो रहे अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाने और इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कुल्लू की कुल जीडीपी में पर्यटन क्षेत्र की हिस्सेदारी वास्तविक क्षमता से कम दर्ज हो रही है, इसलिए सभी संबंधित विभाग पर्यटन गतिविधियों और राजस्व से जुड़े सटीक आंकड़े एकत्रित कर साझा करें, ताकि भविष्य के लिए बेहतर नीतियां बनाई जा सकें। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑपरेटरों के लाइसेंस रद्द करने सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पैराग्लाइडिंग तथा रिवर राफ्टिंग गतिविधियों में सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंगल काउंटर व्यवस्था को शीघ्र प्रभाव से लागू किया जाए, जिसके तहत पैराग्लाइडिंग की सभी बुकिंग केवल अधिकृत ‘सिंगल काउंटर सिस्टम’ के माध्यम से ही की जाएंगी। उन्होंने राफ्टिंग गतिविधियों के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक राफ्टिंग स्ट्रेच पर गतिविधियों का समुचित रिकॉर्ड रखना और प्रतिदिन का ब्यौरा प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने अवैध एवं अपंजीकृत साहसिक गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में सभी एसोसिएशनों को ‘सेल्फ-रेगुलेशन’ के तहत कार्य करने तथा सरकारी नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में अवमानना की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक ऑपरेटर को लॉग बुक का नियमित रखरखाव, मासिक राइड्स और पर्यटकों के आंकड़ों का विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। उपायुक्त ने साहसिक खेलों में संलग्न पायलटों एवं ऑपरेटरों के लिए नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: