उप मुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा के खड्ड में स्थापित दत्ता फ्लोर मिल का किया शुभारंभ

बोले…. स्थानीय किसानों को गेहूं बेचने के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहरी राज्यों में, क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी होंगे सृजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (ऊना) 28 नवंबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड में स्थापित दत्ता फ्लोर मिल का शुभारंभ किया। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र में कृषि आधारित औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में कृषि और उद्योग दोनों की अपार संभावनाएं हैं। दत्ता फ्लोर मिल जैसे निजी उद्यमों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बाजार उपलब्ध होगा। विशेषकर गेहूं उत्पादक किसानों को अब अपनी फसल बेचने के लिए बाहरी राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा और वे स्थानीय स्तर पर ही अपनी गेहूं की उपज बेच सकेंगे। इससे किसानों को सुविधा मिलेगी और कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की आर्थिक मजबूती के लिए कृषि और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। जब कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण स्थानीय स्तर पर होता है तो इससे किसानों के साथ-साथ अन्य लोगों को भी लाभ मिलता है। ऐसे उद्यमों से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और क्षेत्र के लोगों को ताजा आटा जैसे उत्पाद भी उपलब्ध होते हैं।
उन्होंने कहा कि हरोली में विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। बड़े औद्योगिक निवेश के साथ-साथ कृषि आधारित छोटे और मध्यम उद्यमों का विस्तार भी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा सकता है। निजी क्षेत्र की भागीदारी से उद्योगों का दायरा बढ़ता है और क्षेत्र में उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलता है।

इस अवसर पर फ्लोर मिल संचालक परिवार के सदस्य, विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: