डीडब्ल्यूपीएस में कविताओं की फुहारों और सतरंगी रंगोली से सजा मॉनसून का त्योहार

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट )
20 जुलाई। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में गर्मी से राहत देने वाले मॉनसून के आगमन पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में यूकेजी से कक्षा 10वी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने कहा कि बच्चे संवेदनशील होते हैं ऐसे में वातावरण का प्रभाव उन पर जल्दी पड़ता है। ऐसे में वातावरण के साथ उनकी सृजनात्मक क्षमताओं के विकास के लिए मॉनसून सेलिब्रेशन कार्यक्रम का आयोजन स्कूल परिसर में किया गया। उन्होंने कहा कि कविता, रंगोली बनाना और चित्रकला इत्यादि ये ऐसे रचनात्मक कार्य हैं जिससे बच्चों में सृजनात्मक कौशल का विकास होता है।

इससे अपने जीवन में चुनौतियों का सामना करने के लिए एक ऊर्जा भी मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों के विविध कला कौशलों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। इस मौके पर नर्सरी, यूकेजी के विद्यार्थियों ने संगीत की धुनों के बीच तुकबंदी की जबकि कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों ने बादल और छतरी के थीम पर संगीत प्रतिस्पर्धा में भागेदारी की।

कक्षा 6 से आठ 8 के विद्यार्थियों ने बारिश की बूंदों के साथ ही कविता की फुहारों का प्रदर्शन किया। इस इंटर हाउस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बरसात, सुंदर मौसम और इंद्रधनुष के रंगों से सजी कविताओं का वाचन किया।

कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर को सुंदर रंगोली से सजाया। अपनी कला क्षमता को प्रदर्शित करते हुए छात्रों ने फूल, पत्तियां और सुंदर कला कृतियां बनाई। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन के अध्यक्ष डीo आरo गुप्ता सदस्य, प्रमोद कुमार और मुकेश राणा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी।



