अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला बिलासपुर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )
19 जून। जिला आयुष विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2025 के उपलक्ष्य में विभिन्न योग गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला आयुष अधिकारी श्री राजन सिंह ने बताया कि अब तक जिले में 31,915 लोगों को योग से लाभान्वित किया जा चुका है।
इस क्रम में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक लहुणू खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री राहुल कुमार होंगे। साथ ही, अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, जिले के सभी 71 आयुष संस्थानों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। आमजन से अनुरोध किया गया है कि वे 21 जून को अपने नजदीकी आयुष संस्थानों अथवा जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर योगाभ्यास करें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।


