तरसेम भारती ने स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ी दरों पर किया विरोध, कांग्रेस सरकार को बताया गरीब विरोधी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 5 जुलाई।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तरसेम भारती ने सोलन अस्पताल में ईसीजी के लिए ₹30 और अल्ट्रासाउंड के लिए ₹150 शुल्क तय किए जाने के निर्णय की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे गरीब, मज़दूर, बुज़ुर्ग और आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग के साथ अन्यायपूर्ण कदम बताया है।
भारती ने कांग्रेस सरकार और विशेष रूप से सोलन के विधायक एवं वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि:
“जिनसे जनता ने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने की उम्मीद की थी, वही आज आम जनता की जेब पर बोझ डाल रहे हैं। यह सरकार गरीबों की थाली में सेंधमारी कर रही है और स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर लूट मचा रही है।”
उन्होंने प्रश्न किया कि जब स्वास्थ्य मंत्री स्वयं सोलन से विधायक हैं, तो क्या उन्हें अपने क्षेत्र की जनता की समस्याएं दिखाई नहीं देतीं? क्या यह उनका नैतिक दायित्व नहीं है कि वे लोगों को राहत दें, न कि नया आर्थिक बोझ डालें?
भारती ने यह भी कहा कि पहले ही प्रदेश के कई हिस्से प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हैं, ऐसे में अस्पताल में इलाज को महँगा करना लोगों की पीड़ा को और बढ़ाने जैसा है।
तरसेम भारती की प्रमुख माँगें:
ईसीजी और अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक सेवाएं पूर्णतः निशुल्क की जाएं। बढ़ी हुई दरों को त्वरित प्रभाव से वापस लिया जाए।अस्पतालों में स्टाफ़, संसाधन और आपातकालीन सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
कांग्रेस सरकार स्पष्ट करे कि क्या यही उसका “गुणवत्ता स्वास्थ्य सेवा” मॉडल है?
अंत में भारती ने इस जनविरोधी निर्णय को निरस्त करने की प्रबल मांग की ताकि जनता को राहत मिल सके।

