31 जुलाई तक मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं की जांच पूर्ण करें सेक्टर अधिकारी: संकल्प गौतम

एस डी एम कार्यालय में सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बैजनाथ ) 19 जुलाई ।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नाo)बैजनाथ संकल्प गौतम की अध्यक्षता में आज एस डी एम कार्यालय में सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए ताकि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।


एसडीएम संकल्प गौतम ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में मतदाताओं की अहम भूमिका रहती है जिसके लिए मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं एवं सरल पहुंच की उपलब्धता होना अति आवश्यक है ताकि प्रत्येक मतदाता सुगमता से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 31 जुलाई 2025 तक बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के कुल 105 मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर वहां की मूलभूत सुविधाओं की जांच पूर्ण कर लें। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक मतदान केंद्र में स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय, भवन की उचित स्थिति तथा दिव्यांगजन और वृद्ध मतदाताओं के लिए रैंप की सुविधा उपलब्ध हो। यदि किसी भी केंद्र में इन सुविधाओं की कमी पाई जाती है तो संबंधित विभागों के माध्यम से इसे शीघ्र पूरा करने की कार्यवाही की जाए।
एसडीएम ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सभी अधिकारी सजगता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में सेक्टर अधिकारियों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक की करवाई का संचालन कानूनगो निर्वाचन राजेश ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अजय सूद, अधिशाषी अभियंता विद्युत मनोज मनहास, सहायक अभियंता लोक निर्माण राहुल ठाकुर एवं अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता जलशक्ति सूक्षम नाग, सहायक अभियंता विद्युत मोहित ठाकुर एवं सुभाष कपूर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: