मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एवरेस्ट विजेता और वर्ल्ड चैंपियन को किया सम्मानित, समारोह का आयोजन डॉ. (कर्नल) संजय शांडिल द्वारा किया गया

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (शिमला ) 19 जुलाई। शिमला में एक गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की दो बेटियों—कैडेट कृतिका, जिन्होंने माउंट एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई की, और पेमा ठाकुर, जिन्होंने कूडो वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता—को सम्मानित किया।

इस विशेष सम्मान समारोह का आयोजन डॉ. (कर्नल) संजय शांडिल द्वारा करवाया गया, जिन्होंने इन प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य के सर्वोच्च नेतृत्व द्वारा सम्मानित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर माननीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल भी उपस्थित रहे, जिन्होंने दोनों प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

कैडेट कृतिका, जो एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) की सदस्य हैं, को डॉ. (कर्नल) संजय शांडिल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त हुआ था। उनकी एवरेस्ट पर चढ़ाई न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि हिमाचल की बेटियों के साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है।
पेमा ठाकुर की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत ने प्रदेश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।
मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा, “कृतिका और पेमा ने हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी लगन, साहस और कड़ी मेहनत हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
डॉ. (कर्नल) संजय शांडिल ने इस अवसर पर कहा, “इन बेटियों को उच्च स्तर पर सम्मानित होते देखना मेरे लिए गर्व का विषय है। यह उन सभी युवाओं के लिए संदेश है कि अनुशासन, प्रशिक्षण और समर्पण के बल पर कोई भी शिखर छुआ जा सकता है।”
समारोह का समापन तालियों की गड़गड़ाहट और यह संदेश देकर किया गया कि हिमाचल के युवा भी वैश्विक स्तर पर इतिहास रच सकते हैं।

