न’शे के खिलाफ विद्यार्थियों के लिए आयोजित होगा जागरूकता मार्चः राजेश धर्माणी

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने घुमारवीं में की विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 2 अगस्त । नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय, घुमारवीं में उपमंडल स्तरीय विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक आयोजन का प्रमुख उद्देश्य घुमारवीं उपमंडल में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करना तथा विभिन्न विभागों के मध्यम समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को समन्वित प्रयासों से गति प्रदान कर समयबद्ध पूर्ण करना है।


बैठक में हाल की भारी बारिश के कारण हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि दूसरे जिलों के मुकाबले घुमारवीं क्षेत्र में कम नुकसान हुआ है। बावजूद इसके बारिश से जहां इस क्षेत्र में सड़कों को लगभग साढे़ 12 करोड़ रूपये का नुकसान हुआ है तो वहीं जलशक्ति विभाग को भी लगभग 8 करोड़ रूपये की हानि हुई है। इसके अलावा भारी बारिश से बिजली बोर्ड को नुकसान होने के साथ-साथ लोगों को व्यक्तिगत नुकसान भी हुआ है। उन्होंने कहा कि हलांकि घरों को कम नुकसान हुआ है लेकिन गौशालाएं तथा डंगों इत्यादि का काफी नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रदेश सरकार द्वारा जारी राहत मैनुअल के तहत प्रभावितों की सहायता करने के निर्देश दिये।
राजेश धर्माणी ने कहा कि नशे के खिलाफ क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए जल्द ही एक जागरूकता मार्च का भी आयोजन किया जाएगा। इस जागरूकता मार्च में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थी शामिल होंगे ताकि नशे की इस सामाजिक बुराई के प्रति व्यापक जन जागरूकता लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में चल रहे बीबीए पाठयक्रम के विद्यार्थियों को बिजनेस तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध करवाने के लिए अध्यापकों एवं विद्यार्थियों की एक सहकारी समिति का गठन किया गया है जिसमें एसडीएम को चीफ पैटर्न बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस सहकारी समिति के गठन का उद्देश्य बीबीए पाठयक्रम में अध्ययरत विद्यार्थियों को सहकारी सभाओं के संचालन संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाना है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल व काॅलेज विद्यार्थियों की हेल्थ चेकअप के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। जिसमें स्वास्थ्य, आयुष, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों सहित शारीरिक शिक्षक एवं महिलाएं शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र के बच्चों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करवाई जाएगी ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी स्वस्थ व मजबूत हो सके।
बैठक में पिछली बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर हुई करवाई की समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिये।
बैठक का संचालन एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने किया।
बैठक में विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

error: