जिलावासी बनें इस ऐतिहासिक बदलाव के सहभागी, अपने सुझाव देकर लिखें भविष्य की नई इबारत — डीसी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )11 अगस्त। प्रदेश के सतत आर्थिक विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सुनियोजित 20 वर्षीय रोडमैप तैयार करने के उद्देश्य से ‘समृद्ध हिमाचल-2045’ पहल के तहत ऑनलाइन नागरिक सहभागिता प्रश्नावली (Citizen Engagement Questionnaire) का शुभारंभ 26 जुलाई 2025 को मुख्य सचिव द्वारा किया गया। यह प्रश्नावली 26 अगस्त 2025 तक आम जनता के लिए खुली रहेगी, जिसमें प्रदेश के भविष्य को आकार देने वाले सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं।

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि यह पहल सहभागी शासन की एक अहम कड़ी है, जो हर नागरिक को नीति निर्माण में सीधे तौर पर योगदान देने का अवसर प्रदान करती है। इस प्रश्नावली को हिंदी और अंग्रेजी — दोनों भाषाओं में आसानी से भरा जा सकता है। उन्होंने बताया कि नागरिक इस लिंक के माध्यम से सीधे भाग ले सकते हैं:
https://himachal.nic.in/samridhhimachal
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चला रहा है, ताकि कोई भी नागरिक इस अवसर से वंचित न रहे।
राहुल कुमार ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की —
“आपके विचार, आपके सुझाव ही हिमाचल के सुनहरे भविष्य की नींव हैं। समय रहते प्रश्नावली भरकर न केवल अपनी राय दर्ज कराएं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध हिमाचल की परिकल्पना को साकार करने में अपना अमूल्य योगदान दें।”
‘समृद्ध हिमाचल-2045’ पहल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://himachal.nic.in/samridhhimachal पर भी जा सकते हैं।

