आपदा ने हम से हमारे लोगों का सब कुछ छीन लिया है…मुख्यमंत्री
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़( चंबा ) 30 अगस्त। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज चंबा ज़िला के चमेरा स्थित एनएचपीसी भवन में ज़िला प्रशासन के साथ विस्तृत बैठक कर एनएच-154ए (चंबा–भरमौर) मार्ग एवं अन्य सड़कों की बहाली, खाद्य एवं चिकित्सा आपूर्ति की उपलब्धता, आपदा-प्रभावित क्षेत्रों में सुविधाओं की स्थिति एवं आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा की। साथ ही, मुख्यमंत्री ने शेष मणिमहेश यात्रियों को सुरक्षित घर पहुँचाने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा ने हमसे हमारे लोगों का सब कुछ छीन लिया है- उनके जीवन भर की कमाई, घर, खेत और आशियाने मलबे में समा गए हैं। इस कठिन घड़ी में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत कार्यों में जुटा है। अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात बिना थके सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की बहाली के लिए हर मोर्चे पर डटे हुए हैं।
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक नीरज नैय्यर, विधायक सुरेश कुमार तथा पूर्व मंत्री आशा कुमारी भी मौजूद रहीं।

