बच्चियों को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण एवं बाल कल्याण योजनाओं की दी जानकारी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सुंदरनगर ) 06 सितम्बर ।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संकल्प हब के अंतर्गत सुंदरनगर में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर बालिका देखभाल संस्थान तथा हिमाचल प्रदेश विशेष बच्चों के संस्थान में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान तथा नागरिक अस्पताल सुंदरनगर की काउंसलर सुनीता देवी ने बच्चियों को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व और इससे संबंधित व्यवहारिक जानकारी दी।
इसी क्रम में कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, मंडी से आए जेंडर स्पेशलिस्ट सुनील कुमार ने बच्चियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न बाल कल्याण योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ उठाना आवश्यक है।
वहीं, जिला समन्वयक रजनीश शर्मा ने बच्चियों को पोश एक्ट, यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम तथा पोषण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में खंड समन्वयक दीपिका, संस्थानों के कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

