आपदा प्रभावितों के लिये समर्पित रहेगा उत्सव : सुंदर सिंह ठाकुर

अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति की बैठक में अहम निर्णय

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कुल्लू )26 सितम्बर । अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति कुल्लू की महत्वपूर्ण बैठक अटल सदन में समिति के अध्यक्ष एवं विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

 बैठक में विधायक मनाली भुवनेश्वर गौड़, विधायक बंजार सुरेंद्र शौरी, विधायक आनी लोकेंद्र कुमार, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, ज़िला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार, नगर परिषद के अध्यक्ष केवल महंत, एडीसी अश्वनी कुमार सहित उत्सव समिति के सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

कुल्लू दशहरा देवी-देवताओं का उत्सव

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा केवल एक सांस्कृतिक पर्व ही नहीं, बल्कि देवी-देवताओं का उत्सव है। इस दौरान ज़िला भर से देवी-देवता कुल्लू पधारते हैं, और उनकी अगवानी करना तथा उन्हें हर प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध कराना उत्सव समिति की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवताओं के ठहरने, बैठने, भोजन और अन्य आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। समिति का उद्देश्य यह है कि देवताओं और उनके साथ आने वाले बजंतरियों, गुर व कारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि देवताओं और उनके लिए किसी भी प्रकार की नई सुविधा का सृजन अथवा व्यवस्था करने की आवश्यकता पड़ेगी, तो उत्सव समिति इसके लिए पूरी तरह सक्षम और तत्पर है। समिति इस बात को सुनिश्चित करेगी कि धार्मिक आस्था और परंपरा के अनुरूप इस भव्य उत्सव का आयोजन गरिमा के साथ संपन्न हो। उत्सव के दौरान देवताओं के आगमन मार्गों और समारोह स्थल से लावारिस पशुओं को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजने और उनके लिए अस्थाई बाड़े बनाने के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने के निर्देश दिये। 

प्रदेश के लोक कलाकारों को मिलेगा मंच

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव को बेहतर से बेहतरीन करने का प्रयास किया गया है। उत्सव को इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस के कैलेंडर में भी शामिल किया गया और विदेशी सांस्कृतिक दलों ने इसमें अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ दी हैं।

error: