भावानगर में तीन दिवसीय जातरू उत्सव का शुभारंभउपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने किया शुभारंभ, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर रहे विशिष्ट अतिथि

भावानगर में तीन दिवसीय जातरू उत्सव का शुभारंभ
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने किया शुभारंभ, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर रहे विशिष्ट अतिथि

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ )6 अक्टूबर । किन्नौर जिला के भावानगर में पारंपरिक लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था का प्रतीक तीन दिवसीय जातरू उत्सव आज हर्षोल्लास के साथ आरंभ हुआ। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर एवं मेले का ध्वज फहरा कर उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि ने बागवानी, कृषि, पशुपालन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, जल शक्ति, वन, आयुष, होम गार्ड्स, डी.डी.एम.ए., विश्व नव निर्माण आध्यात्मिक, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुँचाई जा रही है तथा लोगों को इनका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि उत्सव स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया है।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उत्सव अध्यक्ष एवं उपमंडल अधिकारी (नागरिक) निचार नारायण चौहान, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर थाप और लोक नृत्य दलों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

यह उत्सव 6 से 8 अक्टूबर तक भावानगर के रामलीला मैदान में आयोजित किया जा रहा है। उत्सव का समापन 8 अक्टूबर को होगा, जिसमें राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी मुख्य अतिथि होंगे।

मुख्य अतिथि डॉ. अमित कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे पारंपरिक मेले और उत्सव किन्नौर की गौरवशाली लोक संस्कृति के संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि किन्नौर की परंपराएँ हमारी पहचान हैं और इन्हें भावी पीढ़ियों तक संजोकर रखना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी सांस्कृतिक धरोहर को आधुनिक तकनीक और रचनात्मकता के साथ आगे बढ़ाएँ।

उद्घाटन अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भावानगर के छात्रों द्वारा सरस्वती वंदना, मॉडल पब्लिक स्कूल भावा नगर, राजकीय प्राथमिक पाठशाला पूजे एवं स्थानीय पाठशालाओं के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग किन्नौरी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

उत्सव अध्यक्ष नारायण चौहान ने बताया कि तीन दिवसीय इस जातरू उत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की नीतियों व कार्यक्रम से सम्बंधित प्रदर्शनिया, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिताएँ और लोकगीत संध्याएँ आयोजित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि इस उत्सव का उद्देश्य स्थानीय कला, परंपरा और लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।

पहले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सांस्कृतिक दलों की सहभागिता रही। आने वाले दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और पारंपरिक प्रतिस्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी।

इस अवसर पर उपमंडलीय पुलिस अधिकारी राज कुमार, खण्ड विकास अधिकारी प्यारे लाल, तहसीलदार अरुण कुमार, नायब तहसीलदार राहुल, बी डी सी वाईस चेयरमैन हरीश नेगी,प्रधान ग्राम पंचायत सुंगरा राकेश नेगी, प्रधान ग्राम पंचायत पौंडा अमिताभ, प्रधान उरनी अनिल नेगी,उप प्रधान तरंडा गोविन्द मोरयन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

error: