नगर पंचायत करसोग की मतदाता सूची जारी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (करसोग ) 7 अक्टूबर ।
उपमंडलाधिकारी (ना.) करसोग एवं मतदाता पंजीकरण अधिकारी गौरव महाजन ने सूचित किया है कि नगर पंचायत करसोग, जिला मंडी के वार्ड संख्या 1 से 7 के लिए मतदाता सूची हिमाचल प्रदेश नगर निकाय निर्वाचन नियम, 2015 के अंतर्गत तैयार कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची की प्रति कार्यालय समय में, उपमंडल अधिकारी (ना.) के कार्यालय, नगर पंचायत करसोग तथा तहसीलदार करसोग के कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
यदि किसी व्यक्ति को मतदाता सूची में किसी नाम को शामिल करवाने का दावा करना हो या किसी नाम के शामिल किए जाने पर अथवा प्रविष्टि के विवरण पर आपत्ति दर्ज करवानी हो, तो वह 08 अक्तूबर, 2025 से 17 अक्तूबर, 2025 के बीच उपयुक्त प्रपत्र संख्या 4, 5 या 6 में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
यह आवेदन या आपत्ति तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार करसोग (संशोधन अधिकारी) को संबोधित की जानी चाहिए और इसे व्यक्तिगत रूप से, प्रतिनिधि के माध्यम से अथवा पंजीकृत डाक द्वारा उक्त अवधि के भीतर भेजा जा सकता है।
उपमंडलाधिकारी ने आमजन से आग्रह किया है कि यदि उनके नाम, पते या विवरण में कोई त्रुटि या संशोधन आवश्यक हो तो निर्धारित समयावधि में अपना दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज करवाएं, ताकि आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन हो सके।

