प्रदेश सरकार छात्रों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा व बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प – डॉ. शांडिल
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 20 नवंबर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा व बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प है।

डॉ. शांडिल आज कण्डाघाट में पी.एम. श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कण्डाघाट के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने पारितोषिक वितरण में पुरस्कार पाने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जो विद्यार्थी इस वर्ष पुरस्कार प्राप्त नहीं कर पाए, वह अपनी कमियों को दूर कर अगले वर्ष पूरी लगन से मेहनत कर आगे आने की कोशिश करें।

उन्होंने कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा का युग है और इसमें शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भाग लेना छात्र के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। छात्रों को खेल व अन्य स्पर्धात्मक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए ताकि उनकी भविष्य की चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक छात्र तक गुणवत्तायुक्त शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल आरम्भ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पी.एम. श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कण्डाघाट में आगामी वर्ष से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड पाठ्यक्रम आरंभ किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक बेहतर लक्ष्य बनाकर रूचि के साथ पढ़ने से ही उज्जवल भविष्य बनाया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे संघर्ष, परिश्रम एवं लगन को अपना साथी बनाएं।
उन्होंने कहा कि नशे से बच्चों को दूर रखने के लिए अध्यापक व अभिभावक बच्चों का पढ़ाई व खेलों की दिशा में मार्गदर्शन करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृति से दूर रखने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूरे प्रदेश में मादक पदार्थ चिट्टे के विरूद्ध निर्णायक जन आंदोलन आरंभ किया है। इसे सफल बनाने के लिए सभी सहयोग अपेक्षित है।
स्वास्थ्य मंत्री द्वारा इस अवसर पर ज़िला सोलन को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया तथा उपस्थित छात्र एवं अन्य को नशा मुक्त हिमाचल की शपथ भी दिलाई गई।
डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्कूल की प्रयोगशाला पर छत बनाने के लिए 03 लाख रुपए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
पी.एम. श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंडाघाट की प्रधानाचार्य ने इस अवसर पर मुख्यातिथि का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिरीनगर की प्रधान यादविंदर कौर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत सिरीनगर के पूर्व प्रधान गुरविंदर सिंह, तहसीलदार कंडाघाट राजेंद्र, ज़िला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी, खण्ड विकास अधिकारी राजेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पी.एम.श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कण्डाघाट के अध्यापक, अभिभावक व छात्र उपस्थित थे।


