उपमंडल जोगिंदर नगर की सभी पंचायतों में आधार – मोबाइल सीडिंग के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान – मनीश चौधरी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 18 दिसंबर। एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल जोगिंदर नगर की सभी पंचायतों में समस्त भूमि मालिकों के भूमि अभिलेखों के साथ आधार एवं मोबाइल संख्या की सीडिंग के लिए विशेष अभियान के तहत शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

इस अभियान का उद्देश्य भूमि स्वामियों की पहचान का सत्यापन कर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना, फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाना तथा डिजिटल भूमि प्रशासन प्रणाली यूएलपिन (यूनिक लैंड पार्सल आइडेंटिफिकेशन नंबर) के माध्यम से भूमि से जुड़ी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
उन्होंने बताया कि आधार–मोबाइल सीडिंग की यह प्रक्रिया भूमि मालिक संबंधित पटवारी के पास किसी भी कार्य दिवस को भी करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त मासिक लोक अदालत के दिन भी यह कार्य विशेष रूप से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि जोगिंदर नगर उपमंडल के अंतर्गत लडभड़ोल तहसील में इस अभियान के तहत 19 दिसंबर को पंचायत पंजालग, 20 दिसंबर को पंचायत पंडोल, 22 दिसंबर को पंचायत बनान्दर तथा 24 दिसंबर को लडभड़ोल पंचायत में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम ने सभी भूमि स्वामियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों अथवा कार्य दिवसों में इस प्रक्रिया को समय रहते पूर्ण करवाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


