बनिया देवी मेला आयोजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 16 जून।अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी वास्तविक धरोहर हैं। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बखालग में बनिया देवी मेले में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
विधायक ने इससे पूर्व माँ वन दुर्गा मंदिर बनिया देवी में पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के खुशहाली का कामना की।
संजय अवस्थी ने कहा कि समृद्ध देव संस्कृति का संरक्षण करना हम सभी का उत्तरदायित्व है और जन-जन के सामूहिक प्रयासों से ही संस्कृति का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी संस्कृति के परिचायक हैं और मेलों एवं उत्सवों का संरक्षण युवा पीढ़ी को परम्पराओं की जानकारी प्रदान करते है। मेलों से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति से रू-ब-रू होती है।
उन्होंने कहा कि मेले व उत्सव न केवल संस्कृति व परम्पराओं को जीवित रखने के लिए आवश्यक है बल्कि आपसी भाईचारे को बढ़ाने का माध्यम भी है। इंटरनेट के इस युग में लोगों के मध्य भाईचारे बढ़ाने के लिए मेले व त्यौहारों की महत्वता और अधिक बढ़ गई है।
विधायक ने कहा कि बनिया देवी मंदिर का इतिहास लगभग 450 वर्ष पुराना है। इस प्राचीन मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से इस क्षेत्र को विकसित किया जा सकता है। इससे जहां क्षेत्र का विकास होगा वहीं रोज़गार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने मंदिर के सौंदर्यीकरण के प्रारंभिक कार्य के लिए 05 लाख रुपए, ज्ञासी माता देवी में ग्रिल लगाने के लिए 01 लाख रुपए, गोपाल के घर से मंझली बेड धरनो मार्ग के निर्माण के लिए 02 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने दिदू से बनिया देवी मार्ग पर मुख्य द्वार निर्माण के लिए तथा भिंडी से जाबलू मार्ग के निर्माण के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
उन्होंने मेला समिति को 21 हजार रुपए तथा महिला मण्डल धरनो को आवश्यकतानुसार सामान क्रय करने के लिए 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।
विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत बखालग के प्रधान सुरेंद्र पाठक, ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान जय प्रकाश, ग्राम पंचायत बसंतपुर के उप प्रधान धनीराम ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के किरपा राम, मेला समिति के अध्यक्ष पूरण चंद, उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।


