सभी सरकारी व निजी स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ने का कार्य आरम्भ – डॉ. अजय पाठक

सभी सरकारी व निजी स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ने का कार्य आरम्भ – डॉ. अजय पाठक

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 17 जुलाई। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत सोलन ज़िला के सभी सरकारी व निजी स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ने का कार्य आरम्भ हो गया है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने दी।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सभी स्वास्थ्य संस्थानों को एक डिजिटल ग्रिड से जोड़ना है ताकि आम जनता को विभिन्न स्थानों पर मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की सटीक जानकारी घर बैठे मिल सके।
उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया को पूरा करने के लिए सभी संस्थानों को अपनी अधोसंरचना के सत्यापन के लिए अपने संस्थान भवन की फोटो समेत सभी आवश्यक विधिक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इन दस्तावेजों की गहन जांच और भौतिक सत्यापन के बाद ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस पंजीकरण को अंतिम स्वीकृत दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ज़िला के लगभग 158 निजी क्लीनिकों, अस्पतालों और डायगनोस्टिक लैब्स का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंन शेष निजी चिकित्सकों, दवा विक्रेताओं और पैथोलॉजी लैब्स से आग्रह किया कि वह पोर्टल पर अपना पंजीकरण करना सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने कहा कि इस प्रणाली से जुड़ने के बाद डायगनोस्टिक लैब, फार्मेसी, क्लीनिक और अस्पताल सीधे राष्ट्रीय डिजिटल ढांचे का हिस्सा बन जाएंगे। इससे रोगियों के डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड को आपस में लिंक करना और कैशलेस दावों का निपटारा करना सुगम हो जाएगा।
डॉ. पाठक ने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या, त्रुटि सुधार या विस्तृत जानकारी के लिए संस्थान के प्रतिनिधि किसी भी कार्यदिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सोलन के कमरा संख्या 132 में ज़िला समन्वयक रविन्द्र कुमार से सम्पर्क कर सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: