विधायक आशीष बुटेल ने स्वास्थ्य उप-केंद्र जिया का किया लोकार्पण


30.52 लाख की लागत से तैयार हुआ स्वास्थ्य उप-केंद्र जिया
करीब आधा दर्जन पंचायतों के हजारों लोगों को केंद्र के माध्यम से मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (पालमपुर) 15 अक्तूबर।
विधायक आशीष बुटेल ने ग्राम पंचायत जिया में 30.52 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित स्वास्थ्य उप-केंद्र का लोकार्पण किया। इस केंद्र के शुरू होने से जिया और आसपास की करीब आधा दर्जन पंचायतों के लोगों को प्राथमिक उपचार एवं बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं घर द्वार पर उपलब्ध हो सकेंगी।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य उप-केंद्र जैसी सुविधाएं ग्रामीण आबादी के लिए विशेष महत्व रखती हैं, क्योंकि इनके माध्यम से लोगों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं और प्राथमिक उपचार के लिए शहर के बड़े स्वास्थ्य संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ता।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के साथ-साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करना भी आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें। इस दिशा में सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को उप स्वास्थ्य में चारदिवारी बनवाने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने जिया स्कूल का औचक निरीक्षण भी किया और बच्चों से संवाद कर स्कूल बारे जानकारी ली। ग्राम पंचायत जिया पहुंचने पर पंचायत जन प्रतिनिधियों ने विधायक आशीष बुटेल का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सड़कों, संपर्क मार्गों और बस सेवा से संबंधित विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।

विधायक ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक कार्य प्रगति पर हैं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्राम पंचायत जिया में भी कई विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों की ओर से उठाई जाने वाली मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा प्राथमिकता और आवश्यकता के आधार पर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

आशीष बुटेल ने इस दौरान जनसमस्याएं भी सुनी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमेश भारती, खंड विकास अधिकारी पालमपुर हरि कृष्ण, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनीत शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी गोपालपुर डॉ. अनुपमा सिंह, पंचायत निरीक्षक ध्रुव सिंह भूरिया, ग्राम पंचायत प्रधान झोंपी राम, उप-प्रधान रामकृष्ण, बीडीसी सदस्य जोगिंदर, महिला मंडल प्रधान सुमित्रा देवी, वीना देवी सहित पंचायतों के वार्ड सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: