धारंडा और अंबेडकर नगर में विशेष प्रचार अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

धारंडा और अंबेडकर नगर में विशेष प्रचार अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सुंदरनगर /मंडी ) 1 अगस्त।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खिलड़ा के गांव धारंडा तथा नगर परिषद सुंदरनगर के वार्ड नंबर-8 अंबेडकर नगर में विशेष प्रचार अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जाति के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों तथा “चिट्टा मुक्त हिमाचल-नशामुक्त हिमाचल” अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मांडव्य कला मंच के संस्थापक एवं सेवानिवृत जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कुलदीप गुलेरिया,नागेंद्र पाल, पवन, बनीता ठाकुर, मंडी के कलाकारों ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कलाकारों ने युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग, विधवा एवं एकल महिलाओं के लिए संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पीजीडीसीए एवं डीसीए पाठ्यक्रमों के साथ प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट स्टाइपेंड का प्रावधान है। दिव्यांग लाभार्थियों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण भत्ते की व्यवस्था है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई।

*इस अवसर पर ग्राम पंचायत खिलड़ा की प्रधान बबिता देवी, उपप्रधान रेबती रमन, पंचायत समिति सदस्य शिला देवी वार्ड सदस्य, महिला मंडल की सदस्याएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।वहीं नगर परिषद सुन्दर नगर के वार्ड नंबर-8 अंबेडकर नगर की पार्षद गंभरी देवी सहित भारी संख्या में महिला पुरुष उपस्थित रहे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: