राजस्व मंत्री ने निचार क्षेत्र का किया दौरा

2 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से निर्मित एकलव्य आवासीय विद्यालय में कन्या छात्रावास का किया लोकार्पण

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ ) 03 अगस्त।

राजस्व, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां निचार उपमंडल में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निचार में 2 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से निर्मित कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया और दोहराया कि जनजातीय जिला किन्नौर में शिक्षा के क्षेत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है जिससे घर-द्वार पर गुणात्मक शिक्षा छात्र-छात्राओं को प्रदान की जा सके। इस कड़ी के तहत निचार, भावानगर, रिकांगपिओ, सांगला व कानम सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जा रही है ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधा सरकारी स्कूलों में उपलब्ध हो और वे प्रतियोगी परीक्षाओं नीट व जेईई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के समक्ष हीन भावना महसूस न करें।

राजस्व मंत्री ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005, 73 वें पंचायती राज अधिनियम 1993, वन अधिकार अधिनियम 2006 केंद्र में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है जिससे जनजातीय समुदाय व ग्रामीण लोकतंत्र को संबल मिला है तथा वर्तमान प्रदेश सरकार किसानों-कामगारों-पशुपालकों-बागवानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां पर गाय का दूध 61 रुपए प्रति लीटर व भैंस के दूध 71 रुपए प्रति लीटर न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है ताकि पशुपालकों विशेषकर ग्रामीण महिला वर्ग की वित्तीय स्थिति में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सख्त निर्णयों के कारण प्रदेश की वित्तीय स्थिति में निरंतर सुधार हुआ है।

राजस्व मंत्री ने बताया कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण 1969 में स्वर्गीय प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की देन है जिससे कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला तथा वित्तीय समावेशन के माध्यम से छोटे व सीमांत किसानों की प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हुआ है। इसके अतिरिक्त, परमाणु बम विस्फोट 1974 पोखरण भी कांग्रेस सरकार की देन है जिसके उपरांत भारत ने विश्व पटल पर अपना लोहा मनवाया।

कैबिनेट मंत्री ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पूजे में 42 लाख रुपए की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया तथा मंत्री ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं की ₹15000 की राशि प्रदान की और उसके उपरांत 21 लाख रुपए की लागत से नालचे सामुदायिक भवन का उद्धघाटन किया।

जनजातीय विकास मंत्री ने 39 लाख रुपए से निर्मित कंगोस संपर्क मार्ग का उद्धघाटन किया तथा पंचायत घर कार्यालय निचार के सभागार में वन विभाग के जल संग्रहण क्षेत्र उपचार योजना घटक के तहत 90 इंडक्शन हीटर एवं बाल्टी बीपीएल सूची के परिवारों को वितरित किए।

इस अवसर पर किनफैड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, निचार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, जिला परिषद अध्यक्ष हकीम चंद नेगी, कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनोज नेगी, स्थानीय प्रधान मीरा नेगी, उपमंडलाधिकारी निचार सुश्री नेहा नेगी, खंड विकास अधिकारी निचार डॉ जितेंद्र चंदेल, पुलिस उप अधीक्षक भावानगर राज कुमार, सहायक वन संरक्षण अधिकारी करण कपूर सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी गण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: