15 से पहले अपनी ई-केवाईसी करवा लें छूटे हुए एलपीजी कनेक्शनधारक

15 से पहले अपनी ई-केवाईसी करवा लें छूटे हुए एलपीजी कनेक्शनधारक

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर )06 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक रीटा कुमारी ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी न करवाने वाले जिला हमीरपुर के रसोई गैस कनेक्शनधारकों से 15 अगस्त से पहले अपनी ई-केवाईसी करवाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और तेल विपणन कंपनियों ने ई-केवाईसी के लिए अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य वास्तविक एवं पात्र उपभोकाओं तक एलपीजी सुविधा एवं सब्सिडी का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसलिए, सभी उपभोक्ता ई-केवाईसी के लिए अंतिम समय का इंतजार न करें और 15 अगस्त से पहले यह प्रक्रिया पूर्ण करवा लें। ई-केवाईसी के दौरान उपभोक्ता के आधार की पहचान, एलपीजी उपभोक्ता विवरण, मोबाइल नंबर तथा फेस ऑथेंटिकेशन (बायोमेट्रिक) का सत्यापन किया जाता है।
कनेक्शनधारक अपनी कॉपी, आधार कार्ड और आधार से लिंक्ड मोबाइल फोन साथ लेकर गैस एजेंसी में जाकर ई-केवाईसी करवा सकते हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि जिला हमीरपुर के बड़सर, सुजानपुर और नादौन तथा जिला ऊना के अंब एवं मैहतपुर में संचालित की जा रही निगम की पांचों गैस एजेंसियों में कनेक्शनधारकों के लिए ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी न होने की स्थिति में कनेक्शनधारक को भविष्य में गैस सब्सिडी अथवा घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में असुविधा हो सकती है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी एलपीजी गैस एजेंसियों से भी आग्रह किया कि वे छूटे हुए उपभोक्ताओं से फोन कॉल, एसएमएस तथा व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से संवाद स्थापित करें तथा उनकी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: