जिला परिषद मंडी की पहली त्रैमासिक बैठक आयोजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी )7 अगस्त। जिला परिषद मंडी की पहली त्रैमासिक बैठक आज जिला परिषद सम्मेलन कक्ष, भ्यूली में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष अमरू राम ने की। उन्होंने बैठक में उपस्थित जिला परिषद सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सदन की कार्यवाही में सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के एजेंडा पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जिला परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियांशु खाती ने भी सदन में उपस्थित जिला परिषद सदस्यों का स्वागत किया तथा उन्हें आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, निर्माण कार्यों, पंचायतों में चल रही विभिन्न गतिविधियों तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को बैठक में प्रमुखता से रखा तथा इनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाते हुए विकास कार्यों की प्रगति से सदन को अवगत करवाया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति प्रदान करने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।
जिला परिषद मंडी के सचिव अंचित डोगरा ने बताया कि जिला परिषद की बैठकों के माध्यम से सदस्यों द्वारा अपने क्षेत्रों से संबंधित स्थानीय समस्याओं एवं विकासात्मक मुद्दों को सदन के समक्ष रखा जाता है तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
इस अवसर पर जिला परिषद की उपाध्यक्ष बोदी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे।


