‘एक पेड़ सेहत के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम के तहत 300 पौधे किए रोपित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 9 अगस्त। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्राकृतिक सुरक्षा का मज़बूत उपाय है। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के न्यू कथेड़ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के लिए विभिन्न प्राकृतिक कारणों के साथ-साथ मानव जनित कारक भी उत्तरदायी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के वास्तविक प्रहरी है और पौधरोपण के माध्यम से हम वायु एवं जल को स्वच्छ रखने तथा मिट्टी के कटाव को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ उनके संरक्षण पर भी बल देना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माणाधीन बहुउद्देशीय अस्पताल का निरीक्षण भी किया तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ गतिशीलता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 133 इको टास्क फॉर्स बटालियन द्वारा आयोजित बहुउद्देशीय अस्पताल के नज़दीक ‘एक पेड़ सेहत के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम के तहत देवदार, बान, गुलमोर, रीठा, आंवला, जामुन दाडु तथा पीपल के लगभग 300 पौधे रोपित किए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने चम्बाघाट से बैरगी सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए तीन लाख रुपए तथा टी.सी.पी. कार्यालय के समीप वर्षा शालिका के निर्माण के लिए तीन लाख रुपए देने की घोषणा की।
डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनी तथा अधिकारियों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के कलाकारों द्वारा नशाबंदी पर लघु नाटिका तथा मीनाक्षी द्वारा कविता पाठ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक किया गया।
विकास ठाकुर ने इससे पूर्व मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा नगर निगम की पार्षद मीनाक्षी ठाकुर ने मांगपत्र प्रस्तुत किया।
प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, 133 इको टास्क फॉर्स बटालियन के कर्नल दीपक कुमार, कांग्रेस के सुरेन्द्र सेठी, संधिरा शीनू सिंह, पूनम शांडिल, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष पुनीत शर्मा, ग्राम पंचायत मनसार के प्रधान जयप्रकाश, ग्राम पंचायत जौणाजी के प्रधान सचिन, पूर्व पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, अजय कंवर, स्वास्थ्य विभाग के निदेशक गोपाल बेरी, ज़िला पंचायत अधिकारी जोगेन्दर राणा, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


