खेलों को पाठशाला की नियमित गतिविधियों का अभिन्न अंग बनाया जाएः जगत सिंह नेगी
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांग पीओ ) 17 सितंबर।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव में जिला किन्नौर स्कूल खेल संघ व शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अंडर-19 छात्र वर्ग जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। प्रतियोगिता में किन्नौर जिले के 45 विद्यालयों के लगभग 548 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं, जिनमें 38 सरकारी तथा 7 निजी विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए श्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इनकी अहम भूमिका है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें प्रतिस्पर्धा के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे प्रतियोगिता में पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ भाग लें। उन्होंने कहा कि खेलों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयास है।
श्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि किन्नौर में खेल सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए कल्पा स्थित राजीव गांधी डे बोर्डिग स्कूल में दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्विमिंग पूल का निर्माण किया जा रहा है। इससे जिले के बच्चों को तैराकी का प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा तैराकी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बटसेरी से रकछम तक साइकिल ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग की संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले की सभी पाठशालाओं में खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। खेलों को केवल प्रतियोगिताओं की तैयारी तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इन्हें पाठशाला की नियमित गतिविधियों का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास के लिए प्रोत्साहित करने से उनकी खेल प्रतिभा को बेहतर ढंग से निखारा जा सकेगा।
माननीय राजस्व मंत्री ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर किन्नौर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए देवी चण्डिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठी की छात्रा अक्सा को सीनियर संतोष ट्रॉफी में चयनित होने पर 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त राजकीय माध्यमिक पाठशाला काफनू की नव्या तथा एटीपीएस विद्यालय चोलिंग के ध्रुव नेगी के खेलो इंडिया में चयनित होने पर दोनों को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर खेल मैदान एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने से उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उपयुक्त वातावरण मिलेगा। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी विद्यालयों के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच आपसी मेलजोल और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं।
इससे पूर्व माननीय राजस्व मंत्री ने कटगांव में खेल मैदान के विस्तारीकरण कार्य का शिलान्यास किया। खेल मैदान का विस्तारीकरण कार्य जेएसडब्ल्यू द्वारा किया जाएगा, जिसके लिए प्रारंभिक बजट 30 लाख रुपये रखा गया है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि जेएसडब्ल्यू द्वारा स्वीकृत बजट खेल मैदान के विस्तारीकरण के लिए पर्याप्त नहीं है, इसलिए सरकार की ओर से भी अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल मैदान के विस्तारीकरण से क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा उन्हें विभिन्न खेल गतिविधियों में नियमित अभ्यास करने और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर उपाधीक्षक पुलिस वरुण पटियाल, उप शिक्षा निदेशक एवं अध्यक्ष जिला स्कूल खेल संघ कुलदीप डोगरा, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य बीर सिंह नेगी, प्रधानाचार्य डाइट एवं युवा सेवाएं व खेल अधिकारी कुलदीप नेगी, पूर्व जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य जगदीश नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निचार अनिल नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्पा विक्रम सिंह नेगी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


