नगर निगम के कर्मचारियों, महिलाओं और स्वच्छता साथियों ने की सफाई
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर ) 20 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई की मुहिम चलाई गई है। नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा द्वारा इस अभियान के शुभारंभ के बाद निगम के अधिकारी, कर्मचारी, शहर के विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य और स्वच्छता साथी विभिन्न वार्डों में जाकर सफाई कर रहे हैं। इस दौरान कूड़े के हॉट स्पॉट्स पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है।
इसी कड़ी में, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के पास भी सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और नगर निगम के स्वच्छता साथियों ने जहां-तहां बिखरे कूड़े को उठाया तथा पूरे क्षेत्र की सफाई की। इस दौरान स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरुक किया गया तथा उनसे भविष्य में कूड़ा जहां-तहां न फैंकने की अपील भी की गई।
नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने हमीरपुर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया है।


