डेली पब्लिक लाइव न्यूज (रिकांग पिओ )25 सितंबर।
राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने आज एकीकृत जनजातीय विकास भवन रिकांग पिओ के सभागार में जिला किन्नौर के विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने की।
इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने कहा कि अधिकारी सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं को पूर्ण निष्ठा एवं प्रभावी ढंग से लागू करने का आग्रह किया, ताकि पात्र लोगों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में दलित, पिछड़े एवं गरीब वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत किन्नौर के आठ गांवों में, जहां अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी 40 प्रतिशत से अधिक है, विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित ऐसी बस्तियों की जानकारी उपलब्ध करवाएं, जहां अभी तक एम्बुलेंस सड़क, बिजली अथवा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, ताकि इन बस्तियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आयोग के माध्यम से प्रस्ताव प्रस्तुत किए जा सकें। उन्होंने आयोग द्वारा भेजे जाने वाले पत्रों का निर्धारित समयावधि में जवाब देना सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनगणना 2011 के अनुसार जिला किन्नौर की कुल जनसंख्या 84,121 है, जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग की जनसंख्या 14,750 है, जो कुल जनसंख्या का 17.53 प्रतिशत है। जिले के तीनों उपमंडलों निचार, कल्पा एवं पूह में से निचार उपमंडल में अनुसूचित जाति वर्ग की जनसंख्या का अनुपात सबसे अधिक है, जो कुल जनसंख्या का लगभग 25 प्रतिशत है।
आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा, डॉ. विजय डोगरा एवं शालिनी जम्वाल ने भी अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकारों तथा उनके कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान आयोग के सदस्यों ने उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र का अनावरण भी किया।
बैठक में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंदर ठाकुर, सहायक आयुक्त उपायुक्त विपन ठाकुर, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कल्पा प्रवीण भारद्वाज, उपाधीक्षक पुलिस वरुण पटियाल, जिला कल्याण अधिकारी नितिन राणा, खंड विकास अधिकारी निचार जितेंद्र चंदेल, खंड विकास अधिकारी हिमांशी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।


