3 साल से लटका मेडिकल क्लेम 2 दिन में पास, बुजुर्ग ने कर्नल संजय शांडिल का जताया आभार
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सोलन ) 14 अक्तूबर।सोलन के एक बुजुर्ग का मेडिकल क्लेम पिछले 3 साल से अटका हुआ था। कई बार चक्कर काटने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला, तो उन्होंने पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल से मुलाकात की।
कर्नल शांडिल ने मामले को सिर्फ औपचारिकता नहीं समझा, बल्कि व्यक्तिगत रुचि लेते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया। नतीजा यह रहा कि 3 साल से लंबित चिकित्सा दावा महज 1-2 दिनों के भीतर ही स्वीकृत हो गया।
इस त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग न केवल राहत महसूस कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने एक वीडियो संदेश के जरिए कर्नल शांडिल का हार्दिक आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. शांडिल ने न केवल उनकी समस्या को ध्यान से सुना, बल्कि व्यक्तिगत रुचि लेकर उनका लंबे समय से रुका काम पूरा करवाया।
बुजुर्ग ने कर्नल शांडिल के संवेदनशील रवैये, तत्परता और सहयोग की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रयास उन जैसे कई लोगों और उनके परिवारों के लिए आशा और विश्वास का प्रतीक है।
इस मौके पर डॉ. कर्नल संजय शांडिल ने कहा कि सोलन के लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों से भी आग्रह किया कि लंबित मामलों का निपटारा संवेदनशीलता और शीघ्रता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


