मुख्यमंत्री ने स्टार गेजिंग सुविधा का किया शुभारंभ
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (शिमला )
7 जुलाई। आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से ज़िला लाहौल-स्पीति के काज़ा में स्टार गेजिंग सुविधा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो स्थानीय लाभार्थियों को उच्च स्तरीय कम्प्यूटरीकृत दूरबीन (स्काई-वॉचर बीकेडीओबी 8’’ कोलैप्सिबल गोटो) प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि काज़ा, लांगज़ा और रंगरिक के लोग इस सुविधा में रुचि दिखा रहे हैं तथा उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रयास के माध्यम से विज्ञान को संस्कृति के साथ एकीकृत किया गया है। पर्यटन के क्षेत्र में यह एक नए अध्याय की शुरुआत है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में अधिक पर्यटक आकर्षित होंगे। यह पहल हिमाचल को एस्ट्रो-टूरिज़्म के एक नए गंतव्य के रूप में स्थापित करेगी।
इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

