सोलन पुलिस ने राष्ट्रीय स्तरीय माँ शूलिनी मेला-2026 के लिए किया व्यापक यातायात प्रबंध, जारी किया ट्रैफिक प्लान
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 25 जून । राष्ट्रीय स्तरीय माँ शूलिनी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलन पुलिस ने शहर में व्यापक यातायात प्रबंध किए हैं। 26 जून से 28 जून तक आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सोलन ने विस्तृत यातायात व्यवस्था की अधिसूचना जारी की है।

मुख्य मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
मेले के तीनों दिन प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक सोलन शहर के मॉल रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। केवल आपातकालीन सेवा वाहनों को इस नियम से छूट प्रदान की गई है।
इसी अवधि में पुराना उपायुक्त चौक से ZH चौक तक के मार्ग पर भी सामान्य वाहनों का प्रवेश निषिद्ध रहेगा। इस रूट पर केवल वीआईपी वाहनों, आमंत्रित कलाकारों तथा आपातकालीन वाहनों को ही अनुमति होगी।

चेक प्वाइंट और डायवर्जन व्यवस्था
सुरक्षा की दृष्टि से सपरून चौक (पुल के समीप) पर नाकाबंदी की जाएगी, जहाँ वाहनों की जांच की जाएगी। यहाँ आपातकालीन एवं विशेष छूट प्राप्त वाहनों को छोड़कर किसी अन्य वाहन को पुराने उपायुक्त कार्यालय की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
होटल द क्लिफ (कांगड़ा मैत्री सभा के समीप) पर चम्बाघाट से आने वाली बसें एवं निजी वाहन यात्रियों को उतारेंगे, जिसके बाद सभी वाहनों को पार्किंग हेतु बाईपास मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

बाहरी मार्गों का वैकल्पिक प्रबंध
शिमला-चण्डीगढ़ मार्ग पर आने-जाने वाले सभी वाहनों को बाईपास मार्ग से ही संचालित किया जाएगा। सिरमौर से सोलन आने वाली बसें एवं वाहन यात्रियों को कोटला नाला बस स्टैंड पर उतारेंगे, जिसके बाद चालक अपने वाहनों को शामती बाईपास मार्ग पर पार्क कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त, राजगढ़ रोड (देवभूमि अपार्टमेंट के समीप) पर नाकाबंदी की जाएगी, जहाँ राजगढ़ (सिरमौर) से चण्डीगढ़ एवं शिमला की ओर जाने वाले भारी एवं हल्के वाहनों को शामती न्यू बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा।
पार्किंग और अन्य प्रतिबंध
· ZH चौक से शामती मार्ग पर सड़क किनारे किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
· विशेष स्वीकृत वाहनों के लिए बोर्डिंग एवं डिबोर्डिंग की सुविधा नगर परिषद पार्किंग, सोलन में उपलब्ध रहेगी।
· ठोडो ग्राउंड में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा; केवल अधिकृत एवं आपातकालीन वाहनों को ही छूट दी जाएगी। भीड़ की स्थिति को देखते हुए अधिकृत वाहनों का प्रवेश भी विनियमित किया जाएगा तथा अत्यधिक भीड़ होने पर तुरंत रोक दिया जाएगा।
ठेला-रेहड़ी पर भी पूर्ण प्रतिबंध
मेले के दौरान मॉल रोड, पुराना बस स्टैंड से अपर बाजार (वाया चौक बाजार) तथा पुराना उपायुक्त कार्यालय से कोटला नाला तक सभी प्रकार के हाथ से चलने वाले ठेलों/गतिमान रेहड़ियों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस की अपील
सोलन पुलिस ने शहर की प्रबुद्ध जनता से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आने पर तुरंत नजदीकी पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम (नं. 01792-223836) पर सूचना देने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक सोलन ने कहा कि शूलिनी महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सोलन की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे सुरक्षित एवं भव्य रूप से मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। मेला अवधि के दौरान कानून व्यवस्था एवं जन सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय किए गए हैं तथा समय-समय पर सोलन पुलिस अपने फेसबुक पेज के माध्यम से जनसाधारण को आवश्यक सूचनाओं से अवगत करवाती रहेगी।


