स्लम क्षेत्रों में पहुंचे एसडीएम अमर नेगी, स्वच्छ हवा और नशामुक्त सुंदरनगर का दिया संदेश

स्लम क्षेत्रों में पहुंचे एसडीएम अमर नेगी, स्वच्छ हवा और नशामुक्त सुंदरनगर का दिया संदेश

‘डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सुंदरनगर/मंडी ) 30 अगस्त। स्वच्छ हवा और नशामुक्त सुंदरनगर’ अभियान के तहत एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने रविवार को शहर के बीएसएनएल एक्सचेंज के समीप तथा बस स्टैंड के पास स्थित स्लम क्षेत्रों का दौरा किया। क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा भी इस अवसर पर उनके साथ मौजूद रहे।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर स्वच्छता, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ सुंदरनगर का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, खुले में कूड़ा न फेंकने तथा गंदगी न फैलाने का आग्रह किया।
दौरे के दौरान एसडीएम ने स्लम क्षेत्रों में रह रहे लोगों और मकान मालिकों से स्वयं बातचीत कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमानुसार उचित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करें। निर्देशों की अवहेलना होने पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि स्वच्छ हवा का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब लोग कूड़ा जलाने, खुले में गंदगी फैलाने और अन्य अस्वच्छ गतिविधियों से बचें। उन्होंने युवाओं सहित आम जनता से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सुंदरनगर के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक बस्ती तक स्वच्छता, स्वच्छ हवा और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है। प्रशासन द्वारा जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद कर अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: