ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : हर्षवर्धन चौहान

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिटयाना में सुनी जन समस्याएं

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (नाहन ) 30 अगस्त। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टिटयाना में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल उपलब्धता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि इन महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और अधिकांश परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आने वाले समय में व्यापक लाभ मिलेगा।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से शिलाई में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है, निर्माण पूरा होते ही इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिलाई अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन लगभग 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुँचते हैं। जिसके दृष्टिगत अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध हैं, जिनमें ईएनटी, मेडिसिन, अस्थि रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ शामिल हैं।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के बुनियादी ढांचे का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कमरऊ, सतौन, चाँदनी और कोटा पाब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा कांटी मशवा में पीएचसी का लोकार्पण कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक व फार्मासिस्ट तैनात हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सुदृढ़ आधारभूत ढांचे का विकास, आधुनिक शिक्षण सुविधाओं की उपलब्धता तथा योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त हो सके।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने प्राकृतिक खेती से तैयार की गई फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया है। राज्य सरकार ने प्राकृतिक खेती से तैयार की गई फसलों की एमएसपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचा गया, परंतु हिमाचल में यह षड्यंत्र असफल साबित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पर विश्वास जताते हुए पुनः बहुमत प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा के समय भारी क्षति होने से प्रदेश को आर्थिक नुक़सान हुआ। इसके उपरांत केंद्र सरकार से प्रदेश को मिलने वाली राशि में भी कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान सरकार का नहीं, प्रदेश के लोगों का अधिकार है।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी जनसमस्याओं और विकास संबंधी सुझावों पर चर्चा की। इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं तथा मांगें उनके समक्ष रखीं।
उद्योग मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मांग और समस्या का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़े सभी उचित प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, अध्यक्ष पंचायत समिति प्रियंका शर्मा, जिला परिषद् सदस्य खत्री सिंह, पूर्व जिला परिषद् सदस्य रणजीत नेगी तथा जगत सिंह नेगी, पंचायत समिति सदस्य विपुल शर्मा व नेत्र चौहान, अनिल शर्मा, राजेश नेगी, निमा देवी तथा सतपाल ठाकुर, ओएसडी अत्तर राणा, तोता राम शर्मा कमांडेंट होमगार्ड, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, बीडीओ राजेश नेगी, ई. आई. उद्योग काका राम शर्मा, प्रधान टिटयाना पूनम शर्मा, पूर्व प्रधान रमेश शर्मा व पार्वती शर्मा तथा जयंती देवी, प्रधान बोकाला पाब गीता राम शर्मा, प्रधान ठोंठा जाखल रतन सिंह, शिलाई जॉन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश नेगी, तोताराम शर्मा नंबरदार, प्रधान महिला मंडल बबीता देवी, रमेश शर्मा, संतराम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: