राष्ट्रपति के प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन

6 अक्तूबर को श्री नैना देवी जी मंदिर में दर्शन के बाद एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 22 सितंबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 6 अक्तूबर को बिलासपुर दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एम्स बिलासपुर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति का बिलासपुर दौरा जिला के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और गौरव का विषय है। राष्ट्रपति 6 अक्तूबर को श्री नैना देवी जी मंदिर में दर्शन करेंगी तथा इसके उपरांत एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से जुड़े सभी रूट का बारीकी से निरीक्षण किया जाए तथा रूट पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्री नैना देवी जी मंदिर में राष्ट्रपति के दर्शन को लेकर संबंधित उपमंडल प्रशासन को सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पुलिस विभाग को राष्ट्रपति के दौरे के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रूट पर यातायात प्रबंधन, आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था तथा वीआईपी मूवमेंट को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान वीआईपी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रूट निरीक्षण, संचार व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, पार्किंग, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान, अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि एम्स बिलासपुर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: