पूर्व सैनिकों का त्याग, समर्पण, अनुशासन एवं राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता प्रेरणादायी – संजय अवस्थी

पूर्व सैनिकों का त्याग, समर्पण, अनुशासन एवं राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता प्रेरणादायी – संजय अवस्थी

ग्राम पंचायत बातल में ‘भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह’ आयोजित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 23 सितंबर।अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि देश की सेवा में पूर्व सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान के लिए हम सभी उनके आभारी रहेंगे। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में भूतपूर्व सैनिक लीग द्वारा आयोजित ‘भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह’ को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने इससे पूर्व अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया तथा राष्ट्र की सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
संजय अवस्थी ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उनका त्याग, समर्पण, अनुशासन एवं राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों की सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आश्वस्त किया कि भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं एवं मांगों को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि वह युवा पीढ़ी को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके शारीरिक विकास के प्रति जागरूक करना आवश्यक है ताकि वह नशे से दूरी बनाए रखें और अपने भविष्य को सवार सके।  
विधायक ने इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों तथा स्थानीय लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
संजय अवस्थी सैनिक भवन बातल के शेष निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपए तथा एल.ई.डी. के लिए 01 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।
भूतपूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर व पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न विषयों से विधायक को अवगत करवाया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा व पार्षदगण, ग्राम पंचायत बातल के प्रधान देवराज, ग्राम पंचायत बातल के पूर्व प्रधान रतन लाल शर्मा, भूतपूर्व सैनिक लीग ज़िला सोलन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर मोहनलाल शर्मा, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार सहित भूतपूर्व सैनिक व उनके परिजन तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: