उद्योग मंत्री ने किया वामन द्वादशी मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ


उद्योग मंत्री ने किया वामन द्वादशी मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (नाहन )24, सितम्बर। उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को सराहां में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि मेले तथा त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक है। हमारे प्रदेश की संस्कृति बहुत समृद्ध है जिसके संरक्षण की हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है ताकि भावी पीढ़ी को भी इसका बोध हो सके। उन्होंने जिला वासियों को राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु के वामन अवतार के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक मेला अपने साथ समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास समेटे हुए है जिसमें न केवल पच्छाद क्षेत्र के बल्कि सिरमौर के साथ-साथ हरियाणा राज्य के लोग भी भाग लेते हैं। यह मेला देव परम्परा से जुड़ा होने के साथ-साथ आपसी मेल-जोल, खेल-कूद एवं सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष महत्त्व रखता है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण-Ⅳ के अंर्तगत जिला सिरमौर में 85 करोड़ रुपये की लागत से 11 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं जिसमें पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से 2 सड़कों का निर्माण किया जाएगा इनकी निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य आरम्भ किया जाएगा। पच्छाद क्षेत्र में नाबार्ड द्वारा गिरी नदी पर चब्योगा के पास 14 करोड़ रुपये की राशि से पुल का निर्माण कार्य होगा।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति समृद्ध है जिसे संजोकर रखना हमारा कर्तव्य बनता है। प्रदेश में मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है और चहुमुखी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उद्योग मंत्री ने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया।
एसडीएम पच्छाद डाॅ. प्रियंका चन्द्रा ने मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया तथा उद्योग मंत्री, अध्यक्ष एपीएमसी सिरमौर सीता राम शर्मा तथा आनन्द परमार को मेला कमेटी की ओर से शाॅल, टोपी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी व ऊषा तोमर, जीएम डीआईसी रचित शर्मा, कांग्रेस नेता रणधीर पंवार, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, डीएसपी राजगढ़ विद्या चन्द नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: