वन अधिकार अधिनियम के अलावा भूमिहीनों को जमीन दिलाने के लिए पॉलिसी बनाएगी सरकार- जगत सिंह नेगी

वन अधिकार अधिनियम के अलावा भूमिहीनों को जमीन दिलाने के लिए पॉलिसी बनाएगी सरकार- जगत सिंह नेगी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बैजनाथ/ कांगड़ा ) 24 सितंबर ।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि प्रदेश में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत जिन भूमि मालिकों को भूमि प्रदान की जानी है उसके लिए सरकार आवश्यक कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा जिन भूमिहीन लोगों का वन भूमि के अलावा अलग राजस्व भूमि पर कब्जा है उसके नियमित्तीकरण को लेकर सरकार पॉलिसी लेकर आएगी। इस संबंध में सरकार की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

मंत्री ने यह बात आज बैजनाथ में वन अधिकार अधिनियम के तहत प्रशासनिक अधिकारियों एवं भूमिहीन अधिकार मंच के सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि उक्त मामले में प्रदेश के सभी उपमंडलों से जानकारी एकत्रित कर सरकार उचित नियम बनाकर भूमिहीनों को भूमि उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले पर मुख्यमंत्री के साथ गहन मंथन के पश्चात उचित हल निकाला जाएगा।

जगत सिंह नेगी ने बैजनाथ में आयोजित बैठक में भुमिहीन भूमि अधिकार मंच के सदस्यों के साथ उनकी समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान समय समय पर भूमिहीनों को आबंटित जमीन को लेकर पेश आ रही समस्याओं पर चर्चा कर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश भी दिए। मंत्री ने मंच के सदस्यों से सभी समस्याओं को लिखित में सरकार के ध्यान में लाने की बात कही ताकि समस्या का उचित समाधान निकाला जा सके।

बैठक से पूर्व बैजनाथ प्रशासन ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, तहसीलदार रमन ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविंद्र बिट्टू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और भूमिहीन अधिकार मंच के सदस्य मौजूद रहे।

मंत्री ने एचपी शिवा प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बैजनाथ के कुदैल में एचपी शिवा परियोजना के तहत बनाए जा रहे बागवानी प्रोजेक्ट का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर बागवानी विभाग के अधिकारियों ने मंत्री को प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारी प्रदान की। मंत्री ने प्रोजेक्ट के तहत विभिन्न कार्यों के कुशलता से न करने पर अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए और कहा कि प्रोजेक्ट पर गंभीरता से कार्य किया जाए। साथ ही बिजली बोर्ड और सिंचाई से संबंधित जल शक्ति विभाग को को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
मंत्री ने कुछ कार्यों पर अंसतोष जाहिर करते हुए एक सप्ताह में पूरा विवरण उन्हें प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही परियोजना निर्माण से संबंधित कंपनी को भी गंभीरता से कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एचपी शिवा परियोजना के तहत प्रदेश के परिवारों को लाभान्वित करने के लिए विभाग समयबद्ध कार्य करे। इस परियोजना के तहत किसी भी तरह की कोताही बर्दाशत नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: