अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रीमती आशा रानी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (ऊना )13 अक्तूबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को स्वर्गधाम ऊना में विक्रांत सिंह ठाकुर की माता श्रीमती आशा रानी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विक्रांत सिंह ठाकुर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के ओएसडी हैं। उनकी माता श्रीमती आशा रानी का 75 वर्ष की आयु में लंबे समय से बीमार रहने के बाद 11 अक्तूबर को निधन हो गया था।
उप मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रीमती आशा की अंतिम यात्रा में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी रणजीत राणा, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली संदीप अग्निहोत्री, प्रधान ग्राम पंचायत कांगड़ विनोद कुमार बिट्टू, उपायुक्त ऊना जतिन लाल सहित अनेक राजनीतिक एवं प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


