नूरपुर क्षेत्र को मिलीं पांच नई इलेक्ट्रिक बसें, मुकेश अग्निहोत्री ने दिखाई हरी झंडी

फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर करवाए, रिकॉर्ड समय में पूरा होगा डैम का निर्माण

एचआरटीसी वर्कशॉप जसूर के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा, निगम में 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की होगी भर्ती

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (नूरपुर/ कांगड़ा) 14 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को जसूर स्थित एचआरटीसी वर्कशॉप में आयोजित कार्यक्रम में पांच इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों को पठानकोट डिपो में शामिल किया गया है। ये बसें पठानकोट से बैजनाथ, डाडा सीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर चलेंगी। उन्होंने एचआरटीसी वर्कशॉप जसूर के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े को पूरी तरह बदलने की दिशा में काम शुरू हो गया है। निगम में 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इसके अलावा 200 हाइड्रोजन बसें और 250 डीजल बसें भी बेड़े में शामिल की जाएंगी। आने वाले समय में नूरपुर क्षेत्र को भी और बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। निगम में 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की भर्ती भी शीघ्र की जाएगी।

सत महाजन के सपने को पूरा करना सच्ची श्रद्धांजलि

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नूरपुर क्षेत्र से उनका पुराना और भावनात्मक रिश्ता रहा है। इस क्षेत्र के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सत महाजन ने इलाके की बहुत सेवा की। उन्हें सत महाजन के साथ काम करने का अवसर मिला और उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। राजा वीरभद्र सिंह की सरकार के समय सत महाजन को फील्ड मार्शल का तगमा मिलना उनके राजनीतिक योगदान का बड़ा सम्मान था। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला ने प्रदेश को कई बड़े नेता दिए हैं और नेताओं को बड़ा बनाने में जनता की अहम भूमिका रहती है।

उन्होंने कहा कि फिना सिंह परियोजना स्वर्गीय सत महाजन का ड्रीम प्रोजेक्ट था। करीब 650 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर 300 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह लगभग 12 वर्षों से लंबित रही। कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन धन की व्यवस्था नहीं होने के कारण परियोजना पूरी नहीं हो पाई। अब इस परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर करवाए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि डैम का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फिना सिंह परियोजना का सबसे अधिक लाभ नूरपुर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। इस परियोजना को पूरा करना स्वर्गीय सत महाजन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना में देरी जरूर हुई है, लेकिन अब इसे पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।

नूरपुर में पेयजल और सीवरेज के कार्य प्रगति पर

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से सीवरेज से जुड़े 42.50 करोड़ रुपये और पेयजल से संबंधित 35 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

प्रत्येक इलेक्ट्रिक बस कम से कम 250 किलोमीटर चलेगी

एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि पांचों इलेक्ट्रिक बसों का संचालन इस तरह से निर्धारित किया गया है कि प्रत्येक बस प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर चले। जसूर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान पहली बस को बैजनाथ मंदिर रूट के लिए रवाना किया गया।

डिप्टी चेयरमैन प्लानिंग भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करना परिवहन निगम के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे निगम के संचालन खर्च में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

पूर्व विधायक अजय महाजन ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र को नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नूरपुर के अध्यक्ष संदेश डडवाल, नगर परिषद नूरपुर की अध्यक्ष नीति महाजन, पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज, एसडीएम अरुण, एचआरटीसी के अधिकारी, चालक और परिचालक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: