विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (नाहन )14 अक्टूबर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आज नाहन स्थित बचत भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री सुरेश कुमार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पच्छाद की विधायक श्रीमती रीना कश्यप, उपायुक्त सिरमौर श्रीमती प्रियंका वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक सिरमौर श्री निश्चिंत सिंह नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला सिरमौर में केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति तथा लाभार्थियों को उपलब्ध करवाए जा रहे लाभों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद श्री सुरेश कुमार कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क, सामाजिक सुरक्षा, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच उपलब्ध करवाने में सहायता मिलती है। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने तथा क्षय रोग उन्मूलन के लिए जागरूकता और उपचार संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी बल दिया।
श्री कश्यप ने कहा कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में अवगत करवाया गया कि जिला सिरमौर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत विभिन्न चरणों में सड़क निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। पीएमजीएसवाई-III के बैच-I के तहत 11 कार्य, बैच-II के तहत 12 कार्य तथा पीएमजीएसवाई-IV के बैच-I के तहत 9 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत जिला सिरमौर में 3,033 वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया गया है, जिस पर लगभग 1 करोड़ 47 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। इसी प्रकार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत 1,249 महिलाओं को 58 लाख 83 हजार रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 46 लाभार्थियों को 2 लाख 35 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में पात्र परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। नगर परिषद नाहन में 356 परिवारों, नगर परिषद पांवटा साहिब में 185 परिवारों तथा नगर पंचायत राजगढ़ में 76 परिवारों को योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना के तहत अप्रैल 2026 से अब तक जिला सिरमौर में 334 महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। बैठक में जानकारी दी गई कि 1 अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक जिले में कुल 3,128 प्रसव हुए, जिनमें से 2,977 संस्थागत प्रसव थे। वहीं, अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक कुल 5,298 प्रसव दर्ज किए गए, जिनमें 5,151 संस्थागत प्रसव शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में जिला सिरमौर की 3,990 महिलाओं को लगभग 2 करोड़ 77 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 2,340 महिलाओं को 89 लाख 87 हजार रुपये का लाभ उपलब्ध करवाया गया है।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक जिला सिरमौर में 935 व्यक्तियों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए गए हैं।
इसी प्रकार, जनवरी 2026 से अगस्त 2026 तक जिले में 611 क्षय रोगियों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। क्षय रोग से प्रभावित व्यक्तियों को पोषण संबंधी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से इस अवधि में 730 नि-क्षय मित्र पोषण किट भी वितरित की गई हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विकासात्मक कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर चर्चा की गई।
बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर श्रीमती एकता कप्टा ने किया। बैठक में समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।


